बरेली। कंडक्टर से हुई लूट का खुलासा कोतवाली पुलिस ने अभीतक नहीं किया इसको लेकर कर्मचारियों में आक्रोश है। श्रमिक समाज कल्याण संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि दिनांक 30 अक्टूबर की प्रातः 5:20 बजे बरेली डिपो के परिचालक महेंद्र सिंह (C-577) वाहन संख्या UP-78 KT 3581 से बरेली–दिल्ली–बरेली–बदायूं मार्ग पर बस का संचालन कर रहे थे। बताया कि जब बस नोवेल्टी चौराहा, बरेली के समीप यात्रियों को बैठा रही थी, तभी दो अज्ञात बाइक सवार मौके पर पहुंचे और परिचालक का ड्यूटी बैग छीन लिया। कंडक्टर द्वारा विरोध करने पर उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया गया तथा आरोपी बैग लेकर फरार हो गए। ड्यूटी बैग में लगभग ₹19,450 नकदी , टिकट मशीन ,मांग पत्र अन्य सरकारी दस्तावेज़ मौजूद थे। घटना की सूचना तत्काल थाना कोतवाली बरेली को दी गई, जहां एनसीआर दर्ज कर ली गई है। किंतु अब तक न तो लुटेरों की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही कोई विशेष संज्ञान लिया गया है। इस संबंध में परिचालक महेंद्र सिंह ने जानकारी रोडवेज श्रमिक संगठन को दी, जिस पर संगठन द्वारा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, बरेली डिपो से संपर्क किया गया। बताया गया कि कार्यालय से पुलिस प्रशासन हेतु लिखित प्रेषण भेज दिया गया है तथा संगठन पदाधिकारी थाना कोतवाली प्रभारी से भी मिल मिले थे। यह जानकारी सुशील कुमार, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, श्रमिक समाज कल्याण संघ द्वारा दी गई है।