बरेली। जन सेवा सहायक पार्टी द्वारा उपजा प्रेस क्लब में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन का शुभारम्भ राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. सिंह लोधी ने किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अपराधों पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है और महिलाओं का सुरक्षित निकलना दूभर हो गया है। बिजली संकट पर बोलते हुए ओ पी सिंह ने कहा कि जिलों को 18 घंटे भी बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जबकि दरें अन्य राज्यों की तुलना में अधिक हैं। उन्होंने प्रदेश में मुफ्त बिजली की मांग उठाई। स्वास्थ्य सेवाओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल खुद “वेंटीलेटर” पर हैं, जबकि निजी चिकित्सक मनमानी फीस वसूल कर रहे हैं और अनावश्यक जांचों से गरीबों की जेब काटी जा रही है। युवाओं की बेरोजगारी और किसानों की आत्महत्याओं का मुद्दा उठाते हुए ओ पी सिंह ने घोषणा की कि पार्टी सत्ता में आने पर प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी तथा मुफ्त बिजली, पानी और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर.के. दक्ष और मिश्री लाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल कुमार पाण्डेय, प्रदेश सचिव रामसूरत चौहान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजू भईया, राष्ट्रीय महासचिव संजीव कुमार, डॉ. राजाराम, निशान्त लोधी एडवोकेट, राजपाल लोधी और सोमदत्त समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।