बरेली। पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले के बावजूद बाबा भोलेनाथ के भक्तों के हौसले में कोई कमी नहीं आई। अमरनाथ सेवा मंडल शाखा बरेली के तत्वावधान में मंगलवार को अमरनाथ यात्रा के लिए पहला जत्था रवाना हुआ। जत्थे का नेतृत्व सुधीर भटनागर ने किया। इस जत्थे में कुल 25 श्रद्धालु शामिल हुए, जिनमें दिनेश गंगवार, अभिनव शील, राजबहादुर सक्सेना, शरद सक्सेना, राहुल सक्सेना, दीपक सक्सेना, रामप्रकाश, सौरव, आनंदी मिश्रा, राजीव शर्मा, वैभव सक्सेना सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। रवाना होने से पहले मंडल कार्यालय में पूजा-अर्चना कर सभी को तिलक लगाकर शुभकामनाओं के साथ विदा किया गया। श्रद्धालुओं ने कहा कि आतंकवादी हमलों से डरने वाले नहीं हैं। बाबा बर्फानी की कृपा से सभी यात्राएं सफल और सुरक्षित होंगी। अमरनाथ सेवा मंडल ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समुचित प्रबंध किए हैं। जल्द ही दूसरा जत्था भी रवाना किया जाएगा।