बदायूं में भाजपा ने संविधान हत्या दिवस मनाया,लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया
बदायूं।कांग्रेस द्वारा देश पर लगाए गए आपातकाल के काले अध्याय का 50वां वर्ष पूर्ण होने एवं आपातकाल दिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा जिला गोष्ठी व लोकतंत्र सैनानियों का सम्मान समारोह राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री गुलाब देवी, क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने कहा कांग्रेस सरकार का वर्ष 1975 में वह वक्त था जब हर जवान पर ताला लगाया जा रहा था। जो सच बोले वह जेल में सड़े। विचार अभिव्यक्ति का गला रेत दिया गया। निर्भीक पत्रकार जेल भेजे गए। अखबारों के दफ्तरों पर पुलिस का धावा हुआ और अखबार बंद करने की धमकी दी गई। स्वाधीनता आंदोलन के नायक अटल बिहारी वाजपेई, लालकृष्ण आडवाणी, डॉ. मुरली मनोहर जोशी आदि नेता जेल में थे। जो इंदिरा गांधी से असहमत थे उन्हें देशद्रोही कहा जाता था। क्षेत्रीय महामंत्री ब्रज क्षेत्र राकेश मिश्रा ने कहा आपातकाल कोई राष्ट्रीय आवश्यकता नहीं, बल्कि कांग्रेस और एक व्यक्ति की लोकतंत्र विरोधी मानसिकता का परिचायक था। प्रेस की स्वतंत्रता कुचली गई। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा 25 जून 1975 को लगे आपातकाल में देशवासियों ने जो पीड़ा और यातना सही, उसे नई पीढ़ी जान सके, इसी उद्देश्य से मोदी सरकार ने इस दिन को ‘संविधान हत्या दिवस’ का नाम दिया। सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कांग्रेस के डीएनए में लोकतंत्र की हत्या, असुरक्षा, और विरोधियों की हत्या, जातिवाद शामिल है। ये बातें नई पीढ़ी को जानना जरूरी है। पूर्व विधायक व लोकतंत्र सैनानी प्रेमस्वरूप पाठक ने कहा आज हम देश की युवा पीढ़ी को यह बताना चाह रहे हैं कि किस तरह इंदिरा गांधी ने अपने निजी स्वार्थ के लिए संविधान की हत्या की थी। यह देश के लोकतंत्र पर एक काला धब्बा है। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ0 अरुण कुमार ने धन्यवाद व आभार प्रकट किया। इस मौके पर लोकतंत्र सैनानी रामकिशोर, लोकतंत्र सैनानी सरोज, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, शैलेंद्र मोहन शर्मा, एमपी सिंह राजपूत, धीरज पटेल, आशीष शाक्य, डॉ अमित गुप्ता, डॉ ऋतुज, डॉ वैंकटेश, डॉ मुश्तयाक सहित बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आपातकाल गोष्ठी से पहले प्रभारी मंत्री गुलाब देवी, क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्रा, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” लगाकर वृक्षारोपण किया।













































































