बरेली। जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम सकरस में रविवार को खेत में काम देखने गए किसान की भीषण बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। ग्रामीण उसकी मदद को उसके पास पहुंचते उससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। बहेड़ी की उप जिलाधिकारी रत्निका श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार को ग्राम सकरस निवासी राजेंद्र श्रीवास्तव 40 वर्ष खेत में काम देखने गए थे। तभी आकाशीय बिजली गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन मौके पर पहुंच गया और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। उप जिलाधिकारी ने बताया कि पीड़ित परिवार के साथ पूरा प्रशासन है निर्माण अनुसार परिवार की पूरी सहायता की जाएगी। बहेड़ी के क्षेत्राधिकारी और तहसीलदार बहेड़ी ने पीड़ित परिवार के लोगों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की। घटना के बाद से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में भी मातम का माहौल है तहसील प्रशासन ने मृतक के परिवार को सांत्वना दी और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।