बरेली। जयनारायण सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज बरेली में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना के शौर्य र्और पराक्रम की वंदना तथा सम्मान हेतु एक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में आए सेवानिवृत सूबेदार मेजर शिशुपाल मौर्य ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि हमें जीवन में केवल अपनी आजीविका के विषय में ही नहीं सोचना चाहिए बल्कि हमारे मन में देश सेवा का भाव भी होना चाहिए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भारत के पास अपार सैन्य शक्ति है हमें भारत की सेना पर पूरा भरोसा रखना चाहिए गोपनीयता की नीति का पालन करते हुए सेना की पूरी जानकारी आम नागरिकों को नहीं दी जा सकती। आप सभी देश का भविष्य हैं अतः आज से ही आपको देश की सेवा के लिए स्वयं को तैयार करना है। इससे पूर्व कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज प्रांत के सह कार्यवाह राजपाल तथा प्रधानाचार्य डॉक्टर रवि शरण सिंह चौहान ने उपस्थित सभी सैनिकों को स्मृति चिन्ह देकर तथा माल्यार्पण कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्काउट दल के छात्रों ने भी सभी सैनिकों का माल्यार्पण किया तथा छात्रों के एक अन्य दल ने समूह गीत “ए वतन मेरे सदा आबाद रहे तू “की प्रस्तुति दी। पूरा विद्यालय “वंदे मातरम” तथा “भारत माता की जय “के नारों से गूंज उठा, कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कैप्टन सतीश चंद्रा,सूबेदार मेजर स्वराज शर्मा, सूबेदार राम लड़ैते शर्मा, छोटेलाल साहू ,नायक रामेश्वर दयाल उपस्थित तथा सम्मानित हुए।