बरेली। किला थाना क्षेत्र के स्वाले नगर में घरेलू विवाद के बाद पति-पत्नी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। इस मामले में पत्नी ने अपने पति की कथित प्रेमिका पर जहर देने का गंभीर आरोप लगाया है। 28 वर्षीय पवन और उनकी पत्नी लता के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। लता ने बताया कि पवन का मथुरापुर निवासी महिला से रिश्ता था। महिला पहले खुद को पवन की बहन बताती थी, लेकिन बाद में दोनों के बीच संबंध गहराते चले गए। जब लता को इस रिश्ते का पता चला, तो उसने इसका विरोध किया। लता का आरोप है कि वह नगर निगम में ड्यूटी पर तैनात थी, जब महिला ने पवन के साथ मिलकर उसे और उसके पति को नारियल पानी में जहरीला पदार्थ पिलाया। तबीयत बिगड़ने पर दोनों को साथियों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। लता ने बताया कि महिला तीन बच्चों की मां है और उसके पति की मौत हो चुकी है। पिछले दो-तीन साल से उसका पवन के घर आना-जाना था। इस दौरान महिला ने पवन से नजदीकियां बढ़ाई और लता का परिवार तनाव में आ गया। इस मामले को लेकर पहले कई बार पंचायत भी हो चुकी है, लेकिन महिला ने कोई सुधार नहीं किया। लता का कहना है कि ज्योति प्रेमिका ने पवन पर गलत इरादे से कब्जा जमाने की कोशिश की और उसे ब्लैकमेल किया। विवाद के दौरान महिला ने 1 लाख रुपये की मांग भी की थी। लता ने इस पूरे मामले की पुलिस से शिकायत दर्ज कराने की बात कही है और महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।