बरेली। बिना लाइसेंस दवा बेचने वालों के खिलाफ औषधि विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है, शनिवार को फतेहगंज पूर्वी में औषधि विभाग की टीम ने अवैध मेडिकल स्टोर पर छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। जहां से 50 हजार रुपये की जीवन रक्षक दवाओं को सीज किया गया है। इस कार्रवाई के बाद मेडिकल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। पूरा मामला थाना फतेहगंज पूर्वी के गांव शाहपुर बनियान का है, जहां अवैध रूप से मेडिकल संचालित होने की सूचना औषधि विभाग की टीम को मिली थी। जिसके बाद औषधि निरीक्षक बरेली अनामिका अंकुर जैन व राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से अवैध मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। मेडिकल संचालक धर्मवीर सिंह मौके पर मिला। संचालक धर्मवीर सिंह निवासी तिलहर, गांव देवरास जिला शाहजहांपुर से लाइसेंस आदि मांगा गया तो वह नहीं दिखा पाया। मेडिकल स्टोर अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। लिहाजा 50,000 कीमत की सभी औषधियों को फार्म 16 पर अंकित करते हुए सीज किया गया। औषधि निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने व विवेचना पूरी होने के बाद आरोपी संचालक के खिलाफ न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा