पीलीभीत । बरखेड़ा क्षेत्र में गन्ना बेचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहे किसान को बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने धमकाकर किसान से 30 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। घटना का पता चला तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। एसओजी की टीम भी बदमाशों का सुराग लगा रही है। बीसलपुर थाना क्षेत्र के गांव चोसरा निवासी किसान मोहित ने बताया कि रविवार को वह नोवल चीनी मिल बरखेड़ा में गन्ना बेचने आए थे। रात करीब नौ बजे वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घर जा रहे थे। उनके पास बेचे गए गन्ने के 30 हजार रुपये और मोबाइल फोन था। पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर नवादा महेश गांव के निकट दो बाइक से आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उसे रोक लिया। एक बदमाश ने ट्रैक्टर पर चढ़कर उसे पकड़ लिया, जबकि अन्य ने उसके पास से 30 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। घटना के बाद बदमाश मौके से भाग गए।