शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में छात्र-छात्राओं के लिए वित्तीय शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ उप प्राचार्य व वाणिज्य विभागाध्यक्ष प्रो. अनुराग अग्रवाल ने स्वामी शुकदेवानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर व पुष्पांजलि अर्पित कर किया। सेबी और राष्ट्रीय प्रतिभूति बाज़ार संस्थान के रिसोर्स पर्सन शफ़ीउद्दीन ने छात्र-छात्राओं बताया कि वित्तीय शिक्षा व्यक्तियों को धन संचय व सुरक्षित निवेश के बारे में सीखाती है। इससे वह भविष्य में संभावित जोखिमों से बच सकते हैं। उन्होंने बचत और निवेश के अंतर को स्पष्ट किया। कार्यक्रम में उन्होंने छात्र- छात्राओं को भारतीय शेयर बाज़ार से भी अवगत कराया व शेयर ख़रीदने के लिए किन किन खातों की आवश्यकता होती है उसके बारे में विस्तार से बताया साथ ही साथ यह भी बताया की किसी भी कंपनी के शेयर ख़रीदने से पहले उसके बारे में क्या क्या जानना ज़रूरी होता है। उन्होंने म्यूच्यूअल फण्ड और शेयर बाज़ार में अंतर बताते हुए यह बताया कि कभी भी अपनी बचत का सारा पैसा किसी एक कंपनी में निवेश ना करें बल्कि पैसा अलग अलग सेक्टर की अलग अलग कंपनियों में निवेश करना चाहिए जिससे जोखिम की संभावना को कम किया जा सके। अंत में वित्तीय साक्षरता पर एक क्विज का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर डा. देवेंद्र सिंह, डा. कमलेश गौतम, डा. अजय कुमार वर्मा, डा. संतोष प्रताप सिंह, डा. सचिन खन्ना, डा रूपक श्रीवास्तव, अखंड प्रताप सिंह आदि शिक्षक उपस्थित रहे।