बदायूं। शहर के मालगोदाम रोड स्थित लापीनोज पीजा और आइस्क्रीम शाप मालिक के पिता की आज दोपहर को बरेली रोड पर सड़क हादसे में मौत हो गई। वह इंटर कालेज के प्रबंधक और प्रधानाचार्य थे। उनकी स्कूटी पर पीछे बैठी एक शिक्षिका भी गंभीर रूप से घायल हुई है। उसका बरेली में उपचार चल रहा है। शहर की श्रीराम नगर कालोनी निवासी लापीनोज पीजा शाप के मालिक आशीष के पिता हरिओम साहू (59) का विनावर में आदर्श जनकल्याण सेवा संस्थान कन्या इंटर कालेज है। वह इस कालेज के प्रबंधक व प्रधानाचार्य थे। वह आज दोपहर को एक शिक्षिका के साथ स्कूटी से वापस घर आ रहे थे। विनावर और घटपुरी के मध्य पेट्रोल पंप के निकट तेज गति से आ रही अज्ञात कार ने पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे हरिओम साहू की बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी स्कूटी पर पीछे बैठी शिक्षिका भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे बरेली के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया है। रात तक वह बेहोश थी। हरिओम गुप्ता के शव का आज रात में ही बरेली में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। देर रात शव यहां घर पहुंचने की संभावना है। हादसे की जानकारी मिलते ही कालोनी में शोक छा गया। भाजपा नेता राजेंद्र मथुरिया समेत काफी संख्या में परिचित और परिजन बरेली पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए हैं।