बदायूं। सनातन संस्कृति और आस्था का प्रतीक मिनी कुंभ मेला ककोड़ा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ने लगा है। कई दिनों से गंगा की रेती पर बसा तंबुओं का विशाल शहर धीरे-धीरे उजड़ने लगा है। मेले में डेरा जमाए श्रद्धालु अब अपने तंबू समेटकर घरों की ओर लौट रहे हैं। हालांकि, मेले की रौनक अभी कम नहीं हुई है। गंगा स्नान और मां गंगा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। कार्तिक पूर्णिमा के तीसरे दिन भी गंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ा। हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा मेला परिसर गुंजायमान रहा।
मेले के पश्चिमी छोर पर कुर्मियान मेला और बरेली मेला क्षेत्र में ठहरे अधिकांश श्रद्धालुओं ने अपने तंबू उखाड़ने शुरू कर दिए हैं। इसके बावजूद निजी वाहनों, बैलगाड़ियों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, मोटरसाइकिलों और टेंपो से बड़ी संख्या में लोग ककोड़ा धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त में मां गंगा की निर्मल धारा में स्नान कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद गंगा आरती, हवन, कथा और भंडारों में सहभागिता की। कई परिवारों ने बच्चों के मुंडन संस्कार भी गंगा तट पर संपन्न कराए। दान-पुण्य के क्रम में जरूरतमंदों को कपड़े, भोजन और दक्षिणा वितरित की गई, वहीं कन्याओं को पूड़ी-सब्जी, दही, जलेबी और खीर का प्रसाद कराया गया।
मीना बाजार में खरीदारी को उमड़ी भीड़
मेला परिसर में मीना बाजार और खिलौनों की दुकानों पर जबरदस्त रौनक बनी हुई है। महिलाएं चूड़ियां, गहने, सौंदर्य प्रसाधन और घरेलू साज-सज्जा का सामान खरीदती नजर आईं, जबकि बच्चे खिलौनों और गुड़ियों की दुकानों पर आकर्षित दिखाई दिए। जलेबी, खजला, पकौड़ी, चाऊमीन, बर्गर, टिक्की और समोसे के स्टॉलों पर भी दिनभर भीड़ लगी रही। झूलों का आनंद लेने के लिए बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने बक्से, अलमारियां, सिलबट्टे, बेलन और अन्य घरेलू उपयोग की वस्तुओं की भी खरीदारी की।
सुरक्षा और सफाई व्यवस्था पर रहा जोर
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती रही। प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी गई। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अस्थायी अस्पतालों में डॉक्टरों की टीमें मुस्तैद रहीं। वहीं धूल से राहत दिलाने के लिए मुख्य मार्गों पर पानी का छिड़काव कराया गया। सफाईकर्मी गंगा तट और मेला परिसर की सफाई में जुटे रहे।
कुल मिलाकर ककोड़ा मेले में एक ओर तंबुओं का शहर सिमट रहा है, तो दूसरी ओर गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और खरीदारी के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। मेले का समापन भले ही करीब हो, लेकिन गंगा तट पर आस्था, भक्ति, सेवा और सामाजिक सद्भाव की छटा अब भी देखते ही बन रही है।
























































































