बदायूं। न लूट की पुष्टि, न किसी पुरानी रंजिश का सुराग और न ही हत्या की कोई स्पष्ट वजह… फिर आखिर 50 वर्षीय नियाजबानो और उसके मासूम धेवते 7 वर्षीय अफनान की हत्या किसने और क्यों की? बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला में हुए दोहरे हत्याकांड की गुत्थी लगातार उलझती जा रही है। एक ही घर के दो अलग-अलग कमरों में नानी और धेवते के शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने वाले कातिलों ने न केवल दोनों की जान ली, बल्कि पीछे ऐसे सवाल छोड़ दिए हैं, जिनका जवाब फिलहाल पुलिस के पास भी नहीं है।
दिल्ली से लौटी थी नानी, रात में मासूम के साथ घर पर थी अकेली
गांव कान्हा नगला निवासी नियाजबानो पत्नी स्वर्गीय बंदे हसन अपने दो बेटों इमरान और इरफान के साथ दिल्ली में रहती थीं। उनके दोनों बेटे दिल्ली में सिलाई का काम करते हैं। नियाजबानो की दो बेटियां हिना और फिजा हैं, जिनकी शादी गांव में ही हुई है। जानकारी के मुताबिक नियाजबानो 12 नवंबर को दिल्ली से अपने गांव लौटी थीं और बेटी हिना के घर रुकी हुई थीं।
गुरुवार शाम खाना खाने के बाद वह अपने घर चली गईं। इस दौरान बेटी हिना का सात वर्षीय बेटा अफनान भी उनके साथ नानी के घर आ गया। रात में घर के अंदर नानी और धेवता दोनों ही मौजूद थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि रात के अंधेरे में उनके साथ ऐसी खौफनाक वारदात हो जाएगी।
सुबह चाय लेकर पहुंची बेटी तो उड़ गए होश
शुक्रवार की रात के बाद शनिवार सुबह जब हिना अपनी मां और बेटे को चाय देने उनके घर पहुंची तो अंदर का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। एक कमरे में मां नियाजबानो का शव पड़ा था, जबकि दूसरे कमरे में मासूम अफनान मृत अवस्था में मिला। बच्चे के शव पर कंबल डाला गया था। मां और बेटे को इस हालत में देखकर हिना बदहवास हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
कुंडल गायब, पाजेब नीचे और सामान बिखरा होने से बढ़ा रहस्य
इस हत्याकांड को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्टों में घटनास्थल से जुड़ी कुछ अहम जानकारियां सामने आई हैं। बताया गया है कि नियाजबानो के कानों से कुंडल गायब थे और पाजेब नीचे पड़ी मिली थी। घर का कुछ सामान भी अस्त-व्यस्त बताया जा रहा है। दोनों के गले पर चोट के निशान होने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों के आधार पर गला दबाकर हत्या किए जाने और लूट के बाद वारदात की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने लूट की वारदात से इनकार किया है। ऐसे में आभूषणों और घर के सामान की स्थिति की जांच इस हत्याकांड में अहम हो सकती है।
खुले दरवाजे और घर में किसी बाहरी की मौजूदगी पर सवाल
सुबह घर के दरवाजे खुले मिलने की बात भी सामने आई है। सवाल यह है कि रात में आखिर कौन घर के अंदर दाखिल हुआ? क्या हत्यारा परिवार का परिचित था या किसी ने पहले से घर की गतिविधियों पर नजर रखी थी? घटना के समय घर में नानी और धेवते के अलावा कोई मौजूद नहीं था। बच्चे के शव पर कंबल डाला जाना भी जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू है। हालांकि, किसी परिचित के शामिल होने की आशंका की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
एसएसपी ने संभाली कमान, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड ने जुटाए साक्ष्य
दोहरे हत्याकांड की सूचना पर ग्राम प्रधानपति रज्जाक हुसैन ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अभिषेक कुमार सिंह और सीओ सिटी सुमेध जाधव पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से जानकारी जुटाई तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने दोहरे हत्याकांड की पुष्टि करते हुए लूट की घटना से इनकार किया है। वहीं परिजनों ने भी किसी से रंजिश होने की बात नहीं बताई है। पुलिस अधिकारियों ने सभी पहलुओं पर जांच कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।
अब इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
इस सनसनीखेज हत्याकांड में कई सवाल पुलिस की जांच के केंद्र में हैं। आखिर हत्यारे का मकसद क्या था? यदि लूट नहीं हुई तो हत्या क्यों की गई? महिला के कानों से कुंडल गायब होने और पाजेब नीचे मिलने की वजह क्या है? क्या हत्यारा परिवार का परिचित था? और सबसे बड़ा सवाल यह कि सात साल के मासूम को आखिर किस जुर्म की सजा मिली?
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और पुलिस की पूछताछ से ही इन सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है। कान्हा नगला में दोहरे हत्याकांड के बाद दहशत का माहौल है और ग्रामीणों की निगाहें पुलिस के खुलासे पर टिकी हैं। नानी और धेवते की हत्या के पीछे छिपा रहस्य अभी बरकरार है।


























































































