बदायूँ: इस वर्ष छठ पूजा का पर्व 15 नवंबर 2026 रविवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर कछला गंगा घाट सहित जनपद के अन्य गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट अवनीश राय ने सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए छह मजिस्ट्रेट नामित किए हैं। जारी आदेश के अनुसार तहसीलदार सदर दीपक कुमार को कछला घाट, बदायूँ की ओर, तहसीलदार (न्यायिक) बदायूँ संतोष कुमार राजौरिया को कछला घाट, कासगंज की ओर तथा नायब तहसीलदार बदायूँ अंजनी कुमार राय को कछला पुराने पुल पर तैनात किया गया है। इसी प्रकार उप जिला मजिस्ट्रेट दातागंज विनोद कुमार को अटैना घाट थाना उसहैत, तहसीलदार दातागंज दया चन्द्र पौरुष को भुंडी घाट थाना उसहैत तथा नायब तहसीलदार दातागंज सतीश चन्द्र मिश्र को बेलाडांडी घाट थाना दातागंज पर तैनात किया गया है। नामित मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र के घाटों पर कानून एवं शांति व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखें। उप जिला मजिस्ट्रेट सदर बदायूँ एवं दातागंज को आवश्यकतानुसार अपने स्तर से अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत दातागंज, उसहैत तथा कछला को घाटों एवं मुख्य मार्गों पर समुचित साफ-सफाई, शीतल पेयजल की व्यवस्था तथा प्रत्येक घाट पर आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नावों एवं मोटरबोट की पर्याप्त व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती तथा घाटों पर बैरिकेडिंग कराने को कहा गया है। नामित मजिस्ट्रेटों को छठ पूजा से पूर्व शासनादेश के अनुरूप घाटों एवं मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुचारु व्यवस्था के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।