बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गणेश नगर बंशी नगला में पारिवारिक विवाद और कथित मारपीट से आहत होकर 17 वर्षीय किशोरी नैन्सी कश्यप पुत्री संजीव कश्यप ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने नैन्सी के चाचा सचिन कश्यप पर नशे की हालत में आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि घटना से कुछ घंटे पहले किशोरी ने खुद थाने पहुंचकर शिकायत दी थी, लेकिन समय रहते पुलिस कार्रवाई नहीं हुई। परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।
गणेश नगर की गली नंबर तीन निवासी संजीव कश्यप के मुताबिक, उनका छोटा भाई सचिन कश्यप उर्फ राजा पुत्र हरप्रसाद उनके परिवार के साथ ही रहता है। आरोप है कि सचिन नशे की हालत में आए दिन घर में विवाद करता था और संजीव कश्यप की 17 वर्षीय बेटी नेन्सी कश्यप के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। विरोध करने पर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी अभद्रता और मारपीट की जाती थी।
संजीव के अनुसार, 8 नवंबर की शाम करीब छह से सात बजे के बीच सचिन कथित तौर पर नशे की हालत में घर पहुंचा और नेन्सी के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। इस दौरान उसकी पत्नी गौमती देवी के साथ भी मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि सचिन ने किशोरी से कहा कि कहीं जाकर मर जाओ। इसके बाद नेन्सी शिकायत लेकर सुभाषनगर थाने पहुंची और अपने साथ हुई घटना की तहरीर दी। पुलिस ने कोई कार्रवाही नहीं की आहत होकर नैन्सी ने घर में फ़ांसी लगाकर आत्महत्या कर ली । परिजनों का आरोप है कि थाने में शिकायत देने के बावजूद पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची। रात करीब 9:30 बजे नेन्सी ने घर के ऊपरी कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पिता ने दरवाजा खोला तो किशोरी छत पर लगे टीन शेड के पाइप से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी मिली। परिजन उसे आनन-फानन में नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका की मां ने रोते-बिलखते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने शाम करीब 6:30 बजे थाने जाकर शिकायत की थी। यदि पुलिस समय रहते पहुंचकर कार्रवाई करती तो शायद उनकी बेटी की जान बच सकती थी। उन्होंने अपने देवर पर बेटी और खुद के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस की देरी पर नाराजगी जताई।
वहीं, मृतका के पिता संजीव कश्यप ने बताया कि वह मिठाई लेने गए थे। इसी दौरान उनके भाई ने कथित तौर पर नशे में विवाद किया। बच्चों ने जब अपने पिता को गाली देने का विरोध किया तो सचिन ने नेन्सी के बाल पकड़कर उसके साथ मारपीट की और उनकी पत्नी को भी लात मारी। संजीव का कहना है कि उनकी बेटी ने खुद अपने हाथ से थाने में शिकायत लिखकर दी थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और घर लौटने के बाद दोबारा मारपीट हुई, जिससे आहत होकर बेटी ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
संजीव ने आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और कड़ी सजा की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार लंबे समय से कथित नशे और घरेलू विवाद से परेशान था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा घटना की जांच शुरू कर दी।


























































































