बरेली। मीरगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 310 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिब पुत्र छंगा निवासी ग्राम गुलड़िया, थाना मीरगंज, जिला बरेली के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है। आरोपी थाना मीरगंज में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली ने 5 नवंबर 2026 को उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मीरगंज पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित इनामी आरोपी नौगवां रोड के पास मौजूद है। सूचना पर मीरगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर रात करीब 8:10 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 310 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना मीरगंज में मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत एक और मुकदमा दर्ज किया। इससे पहले वह मुकदमा एनडीपीएस एक्ट में वांछित था। पुलिस आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
ट्रक चलाने की आड़ में करता था स्मैक की बिक्री
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक चलाने का काम करता है। अधिक रुपये कमाने के लालच में पिछले कुछ वर्षों से स्मैक खरीदकर अपनी जरूरत के हिसाब से बेचता था। उसने यह भी बताया कि वह पहले हरिद्वार में जेल जा चुका है। मीरगंज में मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए कई दिनों से इधर-उधर छिप रहा था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय भी वह स्मैक खरीदकर बेचने के लिए जा रहा था।
हरिद्वार में भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मीरगंज थाने में एनडीपीएस एक्ट के दो मुकदमों के अलावा उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के थाना पथरी में गैंगस्टर एक्ट और थाना खानपुर व सिडकुल में एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं।
इस संयुक्त कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार अपनी टीम के साथ, मीरगंज थाने के उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल अंकुर कुमार और कांस्टेबल रजत मलिक शामिल रहे।
20 हजार का इनामी स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 310 ग्राम स्मैक बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 लाख रुपये

6.7K views

























































































