बरेली । रविवार को 121 विधानसभा नवाबगंज में आम आदमी पार्टी की संभावित प्रत्याशी एडवोकेट सुनीता गंगवार के नेतृत्व में बूथ प्रभारी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आम आदमी पार्टी के रोहिलखंड प्रांत अध्यक्ष इंजीनियर मोहम्मद हैदर के पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए रोहिलखंड प्रांत अध्यक्ष इंजीनियर मोहम्मद हैदर ने कहा कि देश में वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियां लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि वोट चोरी के आरोपों को लेकर देशभर में आवाज उठ रही है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जनता के विश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
वहीं, एडवोकेट सुनीता गंगवार ने नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि क्षेत्र के किसान और आम नागरिक कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। किसानों का गन्ना भुगतान लंबे समय से बकाया है, धान खरीद में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और खाद की उपलब्धता को लेकर भी समस्याएं सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना, गन्ना भुगतान सुनिश्चित कराना और खाद जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। जनसमस्याओं का समाधान करना जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सुनीता गंगवार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को सुनें और उन्हें मजबूती से उठाएं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना और आम जनता के बीच पार्टी की नीतियों को पहुंचाना बेहद जरूरी है।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
नवाबगंज में आम आदमी पार्टी की बूथ प्रभारी बैठक , इंजीनियर मोहम्मद हैदर का कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत

7.5K views

























































































