बदायूँ। शहर में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आरिफपुर नवादा स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर से मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रजा और विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद की चेयरमैन फात्मा रजा ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया। इस दौरान वाल्मीकि समाज के लोगों ने पूर्व मंत्री और चेयरमैन का पगड़ी पहनाकर तथा फूलमालाओं से स्वागत किया। शोभायात्रा में सजी आकर्षक झांकियां और डीजे लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। नगर पालिका की ओर से शोभायात्रा मार्ग पर मैटिंग बिछाने की व्यवस्था की गई और आयोजन के प्रति सहयोग जताया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री आबिद रजा ने महर्षि वाल्मीकि के जीवन और उनके आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी को जयंती की मुबारकबाद दी। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज के लोग बहादुर और वफादार होते हैं। महर्षि वाल्मीकि का जीवन समाज के प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। सभी लोगों को उनके जीवन से सीख लेकर उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सद्भाव, भाईचारे और अच्छे संस्कारों को बढ़ावा देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री आबिद रजा ने नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा से दीपावली के अवसर पर सफाई कर्मचारियों को बोनस देने का आग्रह किया। चेयरमैन फात्मा रजा ने उनके इस आग्रह को स्वीकार कर लिया। इससे सफाई कर्मचारियों को दीपावली पर बोनस मिलने की उम्मीद जगी। वहीं, चेयरमैन फात्मा रजा ने कहा कि वाल्मीकि समाज ने हमेशा उनका साथ दिया है। उनके चेयरमैन रहते हुए समाज के लोगों ने उन्हें कभी किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी। उन्होंने समाज के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर निकली शोभायात्रा में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। आयोजन के माध्यम से महर्षि वाल्मीकि के विचारों और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम में सभासद अनवर खां, नवेद, गिरीश शुक्ला, सुरजीत, मोहत्शम सिद्दीकी, अनीस सिद्दीकी, लालू, छोटू, बब्लू, बाल्मीकि कमेटी के अध्यक्ष राजू लाल, मंत्री अरुण, कोषाअध्यक्ष विपिन प्रताप, अनिल विराट, नवीन विद्यार्थी, रमेश डी लाल, कुक्कू, लखन रोहिल, अतुल लंकेश, आकाश राज, राजकुमार, उमेश पाल समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री आबिद रजा और चेयरमैन फात्मा रजा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की महर्षि वाल्मीकि जयंती की भव्य शोभायात्रा।

6.5K views

























































































