बरेली। द गुरु स्कूल में कौशलोत्सव के अंतर्गत भव्य स्किल एक्सपो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और गणपति वंदना के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक, रचनात्मक और उपयोगी मॉडल व परियोजनाएं प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कौशलोत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावहारिक कौशल, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना था। विद्यार्थियों ने लाइफ हैक्स, एनीमेशन एवं विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग, मीडिया डिजाइन, साइबर सिक्योरिटी, पर्यावरण संरक्षण, कृषि एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य एवं वेलनेस, उद्यमिता, वित्तीय साक्षरता, जलवायु स्थिरता और दैनिक जीवन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर परियोजनाएं तैयार कीं। विद्यार्थियों ने रक्षक डिवाइस, वेलनेस व्हील, टचमैप, गुरु ऐप, आइस थेरेपी, वसुंधरा मित्र, इको लूप, स्टेडियम क्लॉक, 3डी वॉल और मैजिक स्टेन रिमूवर सहित कई मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि किस प्रकार इनका उपयोग दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान में किया जा सकता है। इस आयोजन से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान को व्यावहारिक जीवन से जोड़ने और अपनी कल्पनाओं को साकार करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जाट रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर हरजित प्रीतपाल सिंह रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों को देशभक्ति की भावना अपनाने और राष्ट्रसेवा के लिए तत्पर रहने का संदेश भी दिया। इस अवसर पर अनंत वीर सिंह, विंग कमांडर अर्पित टंडन, गुरमीत सैमी, अंकित बग्गा, अमनदीप वेदी और एनके तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की।
विद्यालय के प्रबंधक गुरु नारायण महरोत्रा, निर्देशिका डॉ. प्रतिभा महरोत्रा और प्रधानाचार्य डॉ. रविंद्र आहूजा ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को जीवनोपयोगी कौशलों से जोड़ने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
द गुरु स्कूल में कौशलोत्सव, विद्यार्थियों ने मॉडल और परियोजनाओं से दिखाई प्रतिभा

6.2K views

























































































