बरेली। थाना क्योलड़िया क्षेत्र के प्राचीन बाबा महेश नाथ शिव मंदिर की भूमि को मुस्लिम समाज के व्यक्ति को बेचने और अवैध बैनामे का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच कराने, बैनामा अवैध पाए जाने पर उसे निरस्त कराने और मंदिर की भूमि को सुरक्षित कर मंदिर के नाम दर्ज कराने की मांग को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू सेना के जिला अध्यक्ष अजय पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि नवाबगंज तहसील और थाना क्योलड़िया क्षेत्र में स्थित प्राचीन श्री बाबा महेश नाथ शिव मंदिर की भूमि को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। आरोप है कि मंदिर के महंत ने मंदिर की भूमि का बैनामा दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति के पक्ष में कर दिया है। संगठन ने इस मामले की जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंदिर की भूमि श्रद्धालुओं की आस्था और धार्मिक विरासत से जुड़ी है। यदि भूमि का हस्तांतरण नियमों के विरुद्ध किया गया है, तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मंदिर की संपूर्ण भूमि से संबंधित राजस्व अभिलेखों, स्वामित्व और बैनामे की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि जांच के दौरान बैनामा अवैध या नियम विरुद्ध पाए जाने पर उसे निरस्त कराने की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे, निर्माण और आगे हस्तांतरण को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
संगठन ने मंदिर की भूमि को सुरक्षित कर विधिक प्रक्रिया के तहत मंदिर के नाम दर्ज कराने तथा मामले में किसी व्यक्ति या अधिकारी की मिलीभगत अथवा अनियमितता सामने आने पर उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, ताकि मंदिर की भूमि की सुरक्षा हो सके और ग्रामीणों को न्याय मिल सके।
बाबा महेश नाथ मंदिर की भूमि को मुस्लिम समाज को बेचने का विरोध , अवैध बैनामे की जांच कर जमीन मंदिर के नाम करने की मांग

6.9K views

























































































