बदायूं। करवा चौथ, दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर महिला सशक्तिकरण, स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार और महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इनफिनिटी लाइफस्टाइल के तहत नगर के आरके रिसोर्ट में भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक चली इस प्रदर्शनी में बदायूं सहित अन्य शहरों की 35 से अधिक महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। प्रदर्शनी में सजावटी सामान, ज्वेलरी, कपड़े, जूते, पर्स, हस्तशिल्प और डेकोरेशन आइटम सहित दैनिक जीवन में उपयोग होने वाली विभिन्न वस्तुओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। उचित कीमतों पर उपलब्ध इन उत्पादों को खरीदने के लिए नगर की महिलाओं और अन्य लोगों की भीड़ जुटी। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से पूरे आयोजन में उत्साह और रौनक का माहौल रहा। प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि बरेली नगर निगम के महापौर डॉ. उमेश गौतम, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती पूनम यादव और उझानी नगर पालिका की अध्यक्ष श्रीमती पूनम अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों ने भगवान गणेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजक रिचा अशेष और डॉ. अक्षत अशेष ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ और उपहार भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि रिचा अशेष की ओर से आयोजित यह प्रदर्शनी महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए एक सुंदर मंच प्रदान करती है। इस प्रकार के आयोजनों से महिलाओं में आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत होती है। एक ही स्थान पर उच्च गुणवत्ता वाले परिधान और दैनिक उपयोग की वस्तुएं उचित कीमतों पर उपलब्ध होने से ग्राहकों को भी लाभ मिलता है। विशिष्ट अतिथि पूनम यादव ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर इस तरह की प्रदर्शनी जिले के लोगों के लिए खरीदारी का सुनहरा अवसर है। इससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलता है और महिला उद्यमियों को अपनी प्रतिभा तथा हुनर दिखाने का मौका मिलता है। वहीं, पूनम अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को मजबूत व्यवसायी बनाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह मंच कामकाजी महिलाओं के लिए भी अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का बेहतर माध्यम है।
प्रदर्शनी में रीतिका गुप्ता, दीप्ति कटारिया, शशि आहूजा, नम्रता रस्तोगी, नीति शर्मा और सिमरन नारंग सहित 35 से अधिक महिलाओं ने विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए। महिला उद्यमियों ने अपने हाथों से तैयार किए गए हस्तशिल्प और अन्य आकर्षक उत्पादों को प्रदर्शित कर ग्राहकों का ध्यान आकर्षित किया। गुणवत्ता और उचित कीमतों के मेल ने प्रदर्शनी को खास बनाया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही आत्मनिर्भर भारत की भावना को मजबूत करना और स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देना रहा।
इस अवसर पर सोनरूपा विशाल, सैनरा वैश्य, दीपमाला गोयल, पारुल सचित, डॉ. पारुल गुप्ता, मणि गुप्ता, ज्योति मेहंदी रत्ता, पम्मी मेहंदी रत्ता, मनोज मसीह, राहुल चौबे और ध्रुव अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
बदायूं में इनफिनिटी लाइफस्टाइल की भव्य प्रदर्शनी, 35 से अधिक महिला उद्यमियों ने सजाए स्टॉल

6.3K views

























































































