बदायूं। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को जनपद में गरिमापूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। गांधी जयंती समारोह के तहत जनपद में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए शुक्रवार को विकास भवन स्थित सभागार में मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर गांधी मैदान से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके बाद गांधी मैदान में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा तथा शास्त्री चौक पर स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। जिले के सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
समारोह के अंतर्गत स्टेडियम में महिला एवं पुरुष ओपन दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। महात्मा गांधी के जीवन दर्शन पर भाषण प्रतियोगिता तथा ‘गांधी दर्शन की प्रासंगिकता’ विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद बदायूं में प्रदर्शनी के साथ सार्वजनिक सभा का आयोजन भी किया जाएगा। गांधी नेत्र चिकित्सालय में महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर माल्यार्पण एवं सभा आयोजित होगी। इसके अलावा जिला कारागार, जिला पुरुष अस्पताल, जिला महिला चिकित्सालय, राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुष्ठ आश्रम कछला तथा सूर्यकुंड स्थित गुरुकुल में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिला पुरुष चिकित्सालय में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। साथ ही जनपद के विभिन्न मोहल्लों में सघन टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों की तैयारियां निर्धारित समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि गांधी जयंती समारोह को पूरी गरिमा एवं व्यवस्थित ढंग से आयोजित किया जा सके।
जनगणना के दौरान ओटीपी को लेकर किया जागरूक
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र श्रीवास्तव ने जनगणना कार्य में सभी से सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी सचेत करते हुए कहा कि जनगणना के लिए आने वाले किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल नंबर पर ओटीपी आने की बात कहे जाने पर ओटीपी कतई साझा न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के लिए ओटीपी देने का कोई प्रावधान नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि जनगणना संबंधी कार्य में सहयोग करते हुए किसी भी संदिग्ध स्थिति में सतर्कता बरतें।
गांधी जयंती पर बदायूं में होंगे विविध कार्यक्रम, गांधी मैदान से निकलेगी प्रभात फेरी, स्टेडियम में दौड़ प्रतियोगिता और मलिन बस्तियों में चलेगा विशेष सफाई अभियान

6.4K views

























































































