बरेली। जनपद स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, बरेली में किया गया। प्रतियोगिता सुबह 10 बजे शुरू हुई, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। अंडर-14 वर्ग में चार विद्यालयों, अंडर-17 में नौ विद्यालयों और अंडर-19 वर्ग में पांच विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि कॉलेज के प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी रहे। इस अवसर पर मंडलीय क्रीड़ा सचिव नईम अहमद, राजकीय हाई स्कूल बडेपुरा की प्रधानाचार्य अर्चना राजपूत, किशोर नदीम, जफर मेहदी हसन, सुरेंद्र, अभिषेक और राहुल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कॉलेज के शारीरिक शिक्षक शाहिद रजा ने बताया कि सभी वर्गों के मुकाबले सफलतापूर्वक संपन्न कराए गए और खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मंडलीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया। मंडल स्तर पर चयनित खिलाड़ी सितंबर में प्रयागराज में होने वाली प्रदेश स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। फाइनल मुकाबलों में अंडर-19 वर्ग में एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज ने राजकीय इंटर कॉलेज, बरेली को 25-13 से हराकर खिताब जीता। वहीं अंडर-17 वर्ग में एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज ने चंगमल मॉन्टेसरी स्कूल, फरीदपुर को 25-16 से पराजित किया। अंडर-14 वर्ग में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता के संचालन में सादिक, राजा नदीम अली, हामिद और शान अली सहित अन्य अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।