बदायूँ में भाकियू के घेराव से पहले झुकी पुलिस, हरिजन एक्ट मामले की जांच बदली गई
बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के प्रस्तावित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय घेराव से पहले ही पुलिस प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए हरिजन एक्ट के कथित झूठे मुकदमे की जांच बदल दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मामले की जांच सीओ सिटी से हटाकर दातागंज सीओ को सौंप दी। इस निर्णय के बाद धरने पर बैठे भाकियू कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और कार्यकर्ता झूम उठे।भाकियू के मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि उन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पर पूरा भरोसा है। उनके संज्ञान में मामला आने के बाद न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि अब झूठी रिपोर्ट पर कार्रवाई नहीं होगी और मामले में दूध का दूध व पानी का पानी होने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि जब प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई कर दी और जांच बदल दी गई, तो घेराव करने का कोई औचित्य नहीं रह गया। इसी कारण प्रस्तावित घेराव कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुलाए गए प्रतिनिधिमंडल में राजेश कुमार सक्सेना समेत आधा दर्जन पदाधिकारी मौजूद रहे।
मंडल प्रवक्ता ने जानकारी दी कि आज भारतीय किसान यूनियन के संस्थापक एवं किसानों के मसीहा स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर्यावरण दिवस के रूप में मनाई जाएगी। मालवीय आवास गृह में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा, जहां उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। इसके साथ ही वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि जिला नेतृत्व के निर्देशानुसार सभी तहसीलों में भी पुण्यतिथि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सदर तहसील के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की।
धरना स्थल पर महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष नसरीन बेगम, पप्पू सागर, प्रेमराज सागर, सगन, नदीम, अरविंद, पुत्तूलाल, राजू यादव, संजीव यादव, रामदास, मोहम्मद हसन, हिसार अली सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरना स्थल पर लंगर भी जारी है और सभी कार्यकर्ताओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई है।















































































