बरेली । इस वर्ष घोषित कक्षा बारहवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस वर्ष लगभग दो सौ विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में भाग लिया। रिजल्ट 100 फीसदी रहा,जिनमें से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर सफलता का नया इतिहास रचा। विद्यालय की छात्राअधी श्री स्वास्तिका मिश्रा ने 96.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। उनके इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। इसके साथ ही तीस से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को पुनः सिद्ध किया है।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल निरंतर वर्ष 2012 से कक्षा बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देता आ रहा है। कई वर्षों में विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है, जो विद्यालय की अनुशासित शिक्षा व्यवस्था, अनुभवी शिक्षकों और विद्यार्थियों की मेहनत का प्रमाण है। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. प्रियंका सरकार और प्रबंधक डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता केवल अंकों की नहीं, बल्कि निरंतर परिश्रम, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार नए आयाम स्थापित करता रहेगा।परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी सफलता का जश्न मनाया। अभिभावकों ने भी विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के मार्गदर्शन की सराहना की।