बरेली । अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा एवं ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंद्रदेव त्रिवेदी एवं जिला अध्यक्ष संजीव कुमार अवस्थी के नेतृत्व में दिया गया।इस दौरान ब्राह्मण समाज के लोगों ने राजकुमार भाटी के कथित बयान पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली हैं और समाज में वैमनस्य फैलाने का कार्य करती हैं। वक्ताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव राष्ट्रहित, शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक समरसता और मानव मूल्यों को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। किसी भी समाज की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली भाषा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है।ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए राजकुमार भाटी के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे। ज्ञापन देने वालों में विशाल शर्मा , गोविंद कुमार त्रिवेदी , सचिन शर्मा , रामकृष्ण शुक्ला , मुकेश शर्मा, अमर शर्मा आदि मौजूद रहे।