बरेली। आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी बरेली द्वारा बरेली कॉलेज में आशु भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने “जन-जन की वाणी आकाशवाणी”, “बहुजन हिताय बहुजन सुखाय”, “आकाशवाणी के 90 वर्ष”, “रेडियो मेरा दोस्त” और “सोशल मीडिया के दौर में रेडियो की चुनौतियां” जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. रमेश चंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में छात्रों ने प्रतियोगिता की तैयारी की। कार्यक्रम में आकाशवाणी के कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश कुमार श्रीवास्तव एवं कार्यक्रम अधिशासी गौरव सक्सेना ने प्रतिभागियों को विभिन्न विषय दिए, जिन पर छात्रों ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में एमए के छात्र माधव मिश्र ने प्रथम, एमए की छात्रा शिवांगी अग्रवाल ने द्वितीय तथा पीजीडीजेएमसी के छात्र संजीव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को शीघ्र ही आकाशवाणी बरेली से एक-एक दिन युववाणी कार्यक्रम प्रस्तुत करने का अवसर दिया जाएगा। आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बरेली में भी कार्यक्रम प्रमुख मिथिलेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में जन-जागरूकता एवं शैक्षिक संवाद से जुड़े कई आयोजन किए जा रहे हैं।