बदायूं। शहर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में पालिका लगातार कार्य कर रही है। मंगलवार को पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने वार्ड 27 नई सराय नई बस्ती क्षेत्र में करीब 14 लाख रुपये से अधिक लागत के इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का फीता काटकर उद्घाटन किया। विकास कार्यों के शुभारंभ से मोहल्लेवासियों में खुशी का माहौल दिखाई दिया।पालिकाध्यक्ष फात्मा रज़ा ने जहीर के मकान से गुड्डू के मकान तक तथा असलम के मकान से पप्पू के मकान तक बनने वाली इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि नगर के सभी वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जनता को बेहतर सड़क, स्वच्छ जल निकासी और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नई सराय नई बस्ती लंबे समय से टूटी सड़कों और जलभराव की समस्या से जूझ रहा था। बरसात के दिनों में लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। मोहल्लेवासियों की मांग को देखते हुए सड़क और नाली निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई, जिससे अब लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर कराया जाए। विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। इस मौके पर सभासद नाजरीन, रफी उददीन, हनीफ उददीन, सलमान, जहीर, मुजीब, फसी उददीन, मजीद, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना, लवी कुमार, लिपिक नवैद इकबाल गनी, गजेन्द्र शाक्य सहित अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।