बरेली। आंवला तहसील क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक गलियारे के लिए किसानों की जमीनों के अधिग्रहण को लेकर विरोध तेज हो गया है। सरकार द्वारा भमोरा, मकरंदपुर ताराचंदपुर, पाखुन्नी, कुड्डा, भीकमपुर, भरताना, हजरतपुर, यूसुफपुर, खुली और चांदपुर मटकी गांवों की जमीनों का कम सर्किल रेट पर अधिग्रहण किए जाने की योजना का किसान लगातार विरोध कर रहे हैं। किसान एकता संघ के राष्ट्रीय मंडल मंत्री डॉक्टर रवि नागर इसी मुद्दे को लेकर 10 मई को पाखुन्नी गांव में किसान पंचायत आयोजित की गई थी। पंचायत में बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने एक स्वर में कम सर्किल रेट पर जमीन न देने की बात कही और उचित मुआवजे की मांग उठाई।किसान पंचायत में किसान नेता डॉ. रवि नागर ने प्रभावित गांवों में किसान जागरूकता पदयात्रा निकालने की घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि यह पदयात्रा किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और सर्किल रेट बढ़ाने की मांग को लेकर निकाली जा रही है।डॉ. रवि नागर ने बताया कि पदयात्रा 14 मई को दोपहर 12 बजे भमोरा से शुरू होगी और गांव-गांव जाकर प्रभावित किसानों से संवाद करेगी। यह यात्रा लगभग तीन से चार दिनों तक विभिन्न गांवों में चलेगी।उन्होंने कहा कि किसान अपनी जमीनों का उचित मूल्य चाहते हैं और जब तक न्यायसंगत मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।