चौपाल पुल पुनर्निर्माण शुरू होने पर किसान एकता संघ ने बांटी मिठाई
बरेली। चौपाल पुल के पुनर्निर्माण कार्य शुरू होने पर किसान एकता संघ के पदाधिकारियों ने कार्यस्थल पर मिठाई बांटकर खुशी जताई। संगठन ने इसे लंबे संघर्ष और आंदोलन की सफलता बताया।बताया गया कि पुल की खराब स्थिति के कारण राहगीरों को लंबे समय से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन घटिया सामग्री और ज्वाइंटों पर गलत निर्माण के चलते कुछ ही महीनों में पुल जर्जर हो गया। सड़क पर गहरी नालियां बन गई थीं, जिससे लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया था।किसान एकता संघ ने करीब एक वर्ष पहले किसान नेता डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में पुल के पुनर्निर्माण को लेकर आंदोलन शुरू किया था। संगठन ने प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग के परियोजना अधिकारी उत्कर्ष शुक्ला से मुलाकात कर समस्या उठाई। इसके बाद बरेली प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग और किसान नेताओं की संयुक्त कमेटी गठित की गई, जिसने दिसंबर माह में स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद पुल निर्माण की उम्मीद जगी और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इसके लिए करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया। हालांकि सिटी रोड पर ब्लॉक न मिलने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। अब ब्लॉक मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।किसान नेता डॉ. रवि नागर ने कहा कि पुल निर्माण के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। 84 घंटा मंदिर से कलेक्ट्रेट तक पदयात्रा कर प्रशासन और अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित किया गया। उन्होंने स्थानीय जनता, बरेली प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों का आभार जताया।उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों के समाधान के लिए संघर्ष करने से संतोष मिलता है। हालांकि पुल निर्माण के चलते लंबे समय तक आवागमन बंद रहने से आम लोगों और स्कूल जाने वाले बच्चों को परेशानी हो रही है। इस संबंध में जल्द ही जिला अधिकारी और राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकारियों से मिलकर कार्य में तेजी लाने की मांग की जाएगी।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजेश शर्मा, मंडल महासचिव डॉ. अंशु भारती, पंडित शिवशंकर शर्मा, जिला उपाध्यक्ष गिरीश गोस्वामी, महानगर अध्यक्ष दीपक पांडे, जिला मीडिया प्रभारी संजय पाठक, जिला सचिव पप्पू नेताजी, संजय पुजारी, धनपाल मौर्य, वीरेश भगत, राजेंद्र खलीफा, रघुवीर गुर्जर, श्रीराम गौतम, कमल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।















































































