शिक्षकों की समस्याओं को लेकर प्राथमिक शिक्षक संघ का शिष्टमंडल बीएसए से मिला
बरेली। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ बरेली के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष नरेश गंगवार के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता से मुलाकात की।
भेंट वार्ता के दौरान 69000 शिक्षक भर्ती में नियुक्त बीएड योग्यताधारी शिक्षकों के ब्रिज कोर्स और आगामी परीक्षा की तैयारियों में जनगणना ड्यूटी से उत्पन्न हो रही परेशानियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संघ ने मांग की कि परीक्षा की तैयारी प्रभावित होने के कारण ऐसे शिक्षकों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त किया जाए।इसके साथ ही समस्त विद्यालयी स्टाफ की जनगणना ड्यूटी लगाए जाने से विद्यालय संचालन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों को भी ड्यूटी से मुक्त करने की मांग रखी गई।शिष्टमंडल ने शिक्षकों पर बढ़ते कार्यभार का मुद्दा भी उठाया। इसमें बीएलओ डुप्लीकेट सूची, सत्यापन, एसआईआर में ऑनलाइन वोटर आवेदन, स्वगणना, विद्यांजलि, समर्थ, कर्मयोगी, डीबीटी, दीक्षा, निपुण और यू-डायस जैसे विभिन्न एप्स पर कार्य के चलते हो रही असुविधाओं का उल्लेख किया गया।संघ ने बीमार, गंभीर रोग से ग्रसित, गर्भवती शिक्षिकाओं और छोटे बच्चों की माताओं को जनगणना ड्यूटी से राहत देने की भी मांग की।ब्रिज कोर्स कर रहे शिक्षकों की समस्याओं को लेकर संगठन की ओर से पृथक पत्र भी बीएसए को सौंपा गया, जिस पर डॉ. विनीता ने समाधान का आश्वासन दिया। गंभीर रोगियों, गर्भवती शिक्षिकाओं और छोटे बच्चों की माताओं के संबंध में उन्होंने उच्च स्तर से मार्गदर्शन लेने की बात कही।बैठक में अधिकांश मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई और कई बिंदुओं के निस्तारण पर सहमति बनी। बीएसए ने शीघ्र कार्रवाई कर संगठन को अवगत कराने का आश्वासन दिया।इस दौरान मंडलीय मंत्री केसी पटेल, जिलामंत्री बलवीर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष योगेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष मनोज गंगवार, जिला संयुक्त मंत्री तपन सिंह मौर्य, सीएल चौधरी, देशबंधु गंगवार, विजेंद्र गुर्जर, प्रसून गंगवार, अनुराग दीक्षित, सत्यपाल गंगवार, रंजना गौड़, गुरजीत सिंह, राजेंद्र गंगवार, प्रतिभा गौतम और वर्तिका सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।















































































