बरेली। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अपील से प्रेरणा लेते हुए बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जनपद में ईंधन की बचत और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू की है। जिलाधिकारी ने निर्णय लिया है कि जिला प्रशासन के सभी अधिकारी ईंधन के व्यय में कटौती करने के लिए अपनी पूरी ऊर्जा लगाएंगे और इसी क्रम में अब सप्ताह में दो दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाया जाएगा। इस मुहिम की शुरुआत स्वयं जिलाधिकारी ने अपने एस्कॉर्ट और सुरक्षा वाहनों को हटाकर तथा अपने कर्मचारियों के साथ आवास से कलेक्ट्रेट तक पैदल चलकर की है।जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि ‘नो व्हीकल डे’ के दौरान जिले के सभी अधिकारी साइकिल या पैदल ही अपने कार्यालयों तक पहुंचेंगे, जिससे न केवल ईंधन की बचत और पर्यावरण की सुरक्षा होगी, बल्कि अधिकारियों को स्वास्थ्य लाभ भी मिलेगा। उन्होंने जनपद के समस्त विभागों को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि शासन की इस अपील का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, तहसील दिवस, समस्या समाधान दिवस और चौपाल जैसे कार्यक्रमों में जाने के लिए भी अधिकारी अब निजी वाहनों के बजाय सरकारी बस या ई-बैटरी वाहनों का सामूहिक रूप से इस्तेमाल करेंगे, ताकि जनमानस के बीच राष्ट्रहित और जनहित का एक सकारात्मक संदेश जा सके।