बदायूं : बढ़ती गर्मी के बीच भारत स्काउट गाइड संस्था द्वारा गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर चल रहे निशुल्क शीतल जल सेवा शिविर के 13 वें दिन स्काउट गाइड के बच्चों ने तपती धूप में राहगीरों और यात्रियों को शीतल जल पिलाकर मानव सेवा का परिचय दिया। स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने शिविर का निरीक्षण कर बच्चों के सेवा भाव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और जरूरतमंदों को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि दुनियां तेजी से जल संकट की ओर बढ़ रही है। जल संरक्षण पर गंभीरता से कार्य नहीं किया गया तो भविष्य में पानी को लेकर देशों और समाजों के बीच संघर्ष और युद्ध जैसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं। उन्होंने जल की प्रत्येक बूंद बचाने का संदेश दिया। जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार ने कहा कि प्रकृति का संतुलन लगातार बिगड़ रहा है। प्राकृतिक जल स्रोत, वन और खनिज पदार्थ तेजी से समाप्त हो रहे हैं, जो मानव जीवन के लिए चिंता का विषय है। पार्वती आर्य कन्या संस्कृत इंटर कालेज की गाइड कैप्टन रेनू गुप्ता और डाल कुमारी ने कहा कि प्रकृति से मिले संसाधनों का सदुपयोग ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दे सकता है।इस मौके पर रवेंद्र यादव, रोहित गुप्ता, फरदीन अहमद, वैष्णवी, कीर्ति, मोहिनी, कृष्णा, आरुषि, सचिन पाल, रवनीत कौर आदि ने राहगीरों और यात्रियों को शीतल जल पिलाया।