निशक्त जन सेवा संस्थान द्वारा स्वास्थ्य व विधिक सेवा के साथ ही सामाजिक दायित्वों को पूरा करने की दिलाई गयी शपथ
पीलीभीत। निशक्त जन सेवा संस्थान द्वारा प्रत्येक माह की 12 तारीख को आयोजित होने वाले नियमित स्वास्थ्य कैंप का आयोजन मंगलवार को स्थानीय अंकुर राइस मिल में किया गया। इस अवसर पर रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बरेली के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कुल 178 मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। कैंप में विशेष रूप से हृदय रोगियों की जाँच की गई, जिसमें डॉ. महेश चंद्र अग्रवाल के सहयोग से 9 मरीजों की ईसीजी (ECG) व अन्य जाँचें निशुल्क की गईं। साथ ही, मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए 2 मरीजों को ऑपरेशन हेतु बस द्वारा बरेली रवाना किया गया। शिविर में 90 मरीजों को पैरों के दर्द की दवा, 24 को कान की मशीन और 89 जरूरतमंदों को नजर के चश्मे निशुल्क वितरित किए गए।स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा विधिक शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित जनसमूह को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों और प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संस्थान के सचिव अनिल कमल ने बताया कि शिविर में कटे हाथ वाले 3 नए मरीजों का पंजीकरण किया गया है। उन्होंने अपील की कि जो भी व्यक्ति निशुल्क स्वचालित इलेक्ट्रिक हाथ लगवाना चाहते हैं, वे मोबाइल नंबर 9897895585 पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। कार्यक्रम में कविता बंसवाल, राजेंद्र सक्सेना, अनिल गुप्ता और सिविल डिफेंस कोर के सदस्यों सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।संस्थान के अध्यक्ष अमृतलाल ने मदर डे के उपलक्ष्य में उपस्थित लोगों को सेवा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अपनी माँ के सम्मान में हमें दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे अपने आसपास के जरूरतमंदों, जैसे दिल में छेद वाले बच्चों या कटे हाथ वाले व्यक्तियों को संस्थान तक पहुँचाने में मदद करें। साथ ही, उन्होंने वर्तमान वैश्विक स्थितियों और ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन किया और नागरिकों से अनावश्यक सोना न खरीदने व शादियों में सोने के स्थान पर नकद उपहार देने का सुझाव दिया। उन्होंने चल रही जनगणना में भी पूर्ण सहयोग और सही जानकारी देने की अपील की।















































































