बरेली। जनगणना कार्य में प्रगणक के रूप में तैनात शिक्षामित्रों की दोहरी ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संघ ने मांग की कि जिन शिक्षामित्रों की ड्यूटी पहले से लगी है, उन्हें दूसरी जगह प्रगणक न बनाया जाए।जिलाध्यक्ष कपिल यादव के नेतृत्व में पहुंचे शिक्षामित्रों ने सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा तथा एसडीएम सदर प्रमोद कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कई शिक्षामित्र पहले ही जनगणना कार्य के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, इसके बावजूद उन्हें दूसरे ब्लॉकों में भी प्रगणक नियुक्त कर दिया गया है।ब्लॉक भोजीपुरा के शिक्षामित्र मानसिंह, भूरे खां, सुरेन्द्र पाल सिंह, हरीओम गंगवार, गिरिराज सिंह, रॉक्सी कुमार यादव, रामबेटी गंगवार, प्रतिभा दीक्षित, अनीता रानी, ममता देवी, बविता, कुमुद कान्त यादव, वीना कुमारी, रमा शर्मा, सुरेन्द्र सिंह, अंजुम, नरेन्द्र पाल, पूनम रानी एवं अनिल गंगवार सहित अन्य शिक्षामित्रों ने इस व्यवस्था को अनुचित बताया।संघ के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल गंगवार और ब्लॉक अध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि जब किसी शिक्षामित्र की ड्यूटी लगाकर उसका प्रशिक्षण पूरा करा दिया गया है, तो दोबारा दूसरी जगह ड्यूटी लगाना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों की ड्यूटी काटकर शिक्षामित्रों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी डाली जा रही है।जिलाध्यक्ष कपिल यादव ने कहा कि संगठन डबल ड्यूटी का विरोध करता है और मांग करता है कि शिक्षामित्रों से केवल एक ही स्थान पर प्रगणक के रूप में कार्य लिया जाए, ताकि जनगणना कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। साथ ही उन्होंने स्व-जनगणना कराने का दबाव न बनाने की भी मांग की।