बरेली । पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से 9 और 10 मई को विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के साथ-साथ मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।यह अभियान ठिरिया खेतल टोल प्लाजा फतेहगंज पश्चिमी , मुड़िया टोल प्लाजा बहेड़ी , दोहना टोल प्लाजा भोजीपुरा , लभेड़ा टोल प्लाजा नवाबगंज तथा फरीदपुर टोल प्लाजा पर रात 8 बजे से 11 बजे तक चलाया गया। इसमें संबंधित थाना प्रभारी, यातायात पुलिस, सीसी टीम, इंटरसेप्टर वाहन तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से चेकिंग की।अभियान के दौरान 9 मई को 1920 तथा 10 मई को 1830 वाहनों सहित कुल 3750 वाहनों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। जांच में 115 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 11 लाख 50 हजार रुपये का चालान किया गया।इसके अतिरिक्त मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर के खिलाफ चलाए गए अभियान में 80,101 वाहनों की जांच की गई। इसमें 158 वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर, 132 वाहनों में प्रेशर हॉर्न तथा 2 वाहनों में हूटर पाए गए। संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 13 लाख 54 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। बरेली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा अनधिकृत मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का प्रयोग न करें। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।