बदायूं। जनपद में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली के विरोध में चल रहे धरना स्थल पर सोमवार को भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष रामा शंकर शंखधार पहुंचे। इस दौरान संगठन पदाधिकारियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, खाद की कालाबाजारी, चेकिंग अभियान के नाम पर कथित धन उगाही तथा पुलिस कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। जिला अध्यक्ष रामा शंकर शंखधार ने कहा कि वर्तमान समय में जनपद के कई सरकारी विभाग बेलगाम स्थिति में कार्य कर रहे हैं। किसानों को खाद निर्धारित मूल्य पर उपलब्ध नहीं हो रही और खुलेआम ब्लैक में बिक्री की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चेकिंग अभियान के नाम पर गरीब लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन के एक तहसील उपाध्यक्ष के खिलाफ बिनावर थाने में एससी एक्ट के तहत फर्जी एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इस पूरे प्रकरण पर संगठन द्वारा 15 मई को मालवीय आवास गृह में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया जाएगा। उसी दिन किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत की जयंती भी मनाई जाएगी, जिसमें जिले भर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन भी सौंपा गया। धरना स्थल पर युवा जिला अध्यक्ष अमरपाल सिंह यादव, जिला उपाध्यक्ष रामकुमार शर्मा, तहसील अध्यक्ष अर्जुन सिंह, तहसील उपाध्यक्ष कैसर अली, भंवर पाल सिंह, ब्लॉक सचिव सलारपुर बृजपाल प्रजापति, पप्पू सागर, ओमकार, अरविंद, नेत्रपाल सिंह सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद