बदायूँ की ब्रह्मदत्त गौशालाधाम में गोमाता जल सेवा” का शुभारम्भ हुआ
बदायूँ। दातागंज मार्ग स्थित श्रीमद ब्रह्मदत्त गौशालाधाम अब जनपद बदायूँ का पहला गौशाला धाम बन गया है जहाँ पल रहे बेसहारा सैकड़ों गोवंशों के लिए पीने के पानी की 24 घंटे ऑटोमेटिक व्यवस्था की गयी है। गोमाता जल सेवा का विधिवत उद्घाटन करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि गऊ माता की सेवा से बढ़कर कोई सेवा नहीं होती है। हमारे धर्मग्रंथों के अनुसार देशी गौमाता में 33 कोटि देवी देवताओं का वास होता है। उनकी सेवा करके सभी देवी देवताओं की पूजा अर्चना हो जाती है। ब्रह्मदत्त गौशाला धाम आकर मन में एक अलग तरह की सुखद अनुभूति होती है। धाम में वास्तव में सैकड़ों गऊ माताओं की सेवा निस्वार्थ भाव से की जा रही है। अब आज यहाँ सभी गायों के लिए पीने के पानी की आटोमेटिक जल व्यवस्था का शुभारम्भ भी हो गया है। इससे चिलचिलाती गर्मी में भी हमारी गऊ माताओं के लिए 24 घंटे पीने का पानी उपलब्ध रहेगा। इस तरह ब्रह्मदत्त गौशाला धाम गऊ सेवा का अद्वितीय धाम बन गया है।गोमाताओं के लिए जल सेवा की व्यवस्था करने वाले रूप नारायण एंड संस परिवार के अरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि हमारा परिवार गौशाला धाम से अनेक वर्षो से जुडा है। यहां आकर ऐसा एहसास होता है कि हम वृन्दावन आ गए हों। चारों ओर गायें और हर जगह कान्हा जी के मधुर मधुर भजन जब कानों में पड़ते हैं, तो मन को बहुत अच्छा लगता है। यह जल सेवा हमारे परिवार ने नहीं करी है, बल्कि कान्हा जी ने हमसे करवाई है। आगे भी कान्हा जी जैसा करवाएंगे, वैसा उनका आदेश हम मानते रहेंगे। कार्यक्रम के बीच में ही धाम में भूसा सेवा करने वाले परिवारों को भी सम्मानित किया गया।इस अवसर पर श्री राधा रसिक विहारी मंडल बदायूँ के सूर्यप्रकाश एवं उनकी भक्त मंडली द्वारा प्रस्तुत किये गए मधुर भजनो का उपस्थित भक्तजनों ने खूब आनन्द लिया।गोपालक सचिन भारद्वाज “यशोधन” ने कहा कि इस गौशाला धाम का केवल एक ही उद्देश्य है कि हम किस तरह अपनी भावी पीढ़ी में गौसेवा के संस्कारो को जीवंत रख सकें। इसलिए इस धाम में ऐसे छोटे छोटे कार्यक्रम आयोजित किये जाते हैं जिससे अधिक से अधिक सनातनी परिवार अपने बच्चों के साथ सम्मिलित हों और बच्चे भी बड़ों की देखादेखी गौसेवा करना सीखें। इस गौशाला रूपी गाड़ी को आप सब दानवीर ईंधन डालते रहते हैं, इसलिए एक चालक की भूमिका का मैं निर्वहन कर पा रहा हूँ। आगे भी अनेक अच्छे सेवा कार्य इस धाम में प्रारम्भ होंगे।इस मौके पर शशि गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, अजय गुप्ता, सुभाष चंद्र गुप्ता, के एल गुप्ता, संजीव राधा प्रकाश, प्रेमप्रकाश अग्रवाल, इन्द्रेश रस्तोगी, उमेश रस्तोगी, प्रमोद राधा गोयल, अनिल जटवानी, रूपेंद्र सिंह लाम्बा, शरद सक्सेना, अमलेश गुप्ता, अशोक नारंग, मनीष जैन, आर. के. उपाध्याय, नीरज सक्सेना आदि उपस्थित रहे।















































































