बरेली। थाना भुता पुलिस ने आधार और पैन कार्ड के जरिये फर्जी बैंक खाते खोलकर करोड़ों रुपये का अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में शाहिद पुत्र जमील अहमद निवासी ग्राम केसरपुर थाना भुता तथा अमित गुप्ता पुत्र रामधुन गुप्ता निवासी काकर टोला थाना बारादरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार 5 जनवरी को मुखबिर की सूचना पर कस्बा भुता स्थित उदयपुर पुलिया के पास दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान शाहिद के पास से ओपो कंपनी का मोबाइल और 3000 रुपये तथा अमित के पास से रेडमी मोबाइल और 3000 रुपये बरामद हुए। जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले लोगों को व्यापार बढ़ाने का झांसा देकर उनके आधार और पैन कार्ड हासिल करते थे। इसके बाद कूटरचित दस्तावेज तैयार कर HDFC बैंक और पंजाब सिंध बैंक में M/S सत्य साहब ट्रेडर्स, महावीर ट्रेडिंग कम्पनी, महाकाल ट्रेडर्स और सुमित ट्रेडर्स के नाम से म्यूल अकाउंट खुलवाए जाते थे। इन खातों की चेकबुक, एटीएम और अन्य दस्तावेज आरोपी अपने पास रखकर उन्हीं के जरिये करोड़ों रुपये का लेन-देन करते थे। पूछताछ में शाहिद और अमित ने स्वीकार किया कि उन्होंने केसरपुर निवासी शब्बू नामक व्यक्ति को विश्वास में लेकर उसके दस्तावेजों से खाते खुलवाए और फर्जी फर्मों के माध्यम से पैसों का अवैध कारोबार किया। पुलिस अब इनके नेटवर्क, अन्य खातों और ट्रांजेक्शन की गहन जांच कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक बीकेश कुमार, उप निरीक्षक नरेश कुमार, कांस्टेबल अतुल कुमार और अजय कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।