बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने मंगलवार को थाना बिथरी चैनपुर क्षेत्र के ग्राम रामनगर गोटिया में दो अवैध कालोनियों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, सोनू शर्मा और विपिन शर्मा द्वारा लगभग 4000-4000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के भूखण्डों का चिन्हांकन, सड़कों व बाउंड्रीवाल का निर्माण कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। उक्त अवैध विकास कार्यों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए संयुक्त सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में अवर अभियंता सीताराम व प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया। प्राधिकरण ने आम जनता को चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति प्लाटिंग या निर्माण कार्य करने से पहले मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करे। बिना स्वीकृति के किए गए निर्माण या विकास कार्य अवैध माने जाएंगे और प्राधिकरण द्वारा ध्वस्त किए जा सकते हैं।