बिल्सी। अरिहन्त वृक्षारोपण समिति के तत्वावधान में आज बुधवार को पदमांचल जैन मंदिर पर कस्बा इंचार्ज कृष्णपाल सिंह ने यहां पंहुच कर पीपल का पौधे का रोपण किया। साथ ही समिति के मीडिया प्रभारी अनुज शर्मा के जन्मदिन के मौके पर उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया। कस्बा इंचार्ज ने समिति के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पीपल के वृक्ष का सिर्फ धर्म और पुराणों में नहीं बल्कि विज्ञान में भी काफी महत्व है। प्रकृति विज्ञान के अनुसार पीपल का वृक्ष दिन-रात आक्सीजन देता है। जो हमारे जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। इसके अलावा पीपल के पेड़ को अक्षय वृक्ष भी कहा जाता है क्योंकि ये पेड़ कभी भी पत्ते विहीन नहीं होता है। मतलब इसमें एक साथ पतझड़ नहीं होता है। पत्ते झड़़ते रहते हैं और नए आते रहते हैं। पीपल के वृक्ष की इस खूबी के कारण इसके जीवन-मृत्यु चक्र का घोतक बताया गया है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए ज्यादा से ज्यादा पीपल, आम, नीम, बरगद, तुलसी, अशोक के वृक्ष लगाने को कहा है। पेड़-पौधे ही मानव जीवन का आधार है। उन्होंने पौधों की सुरक्षा के लिए कई सुझाव दिए। इस मौके पर संस्थापक प्रशान्त जैन, मोहित शर्मा, अनुज शर्मा, अमनदीप उपाध्याय, सुधीर शर्मा, संजीव राणा, ग्रीश चंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।