बिल्सी। रविवार को नगर पालिका परिषद प्रशासन ने नगर के मुख्य बाजार के साथ प्रमुख गलियों में विशेष सफाई अभियान चलाया। सड़क एवं नाली में कीटनाशक का घोल डाला गया। कोरोना से बचाव के लिए पालिका प्रशासन सक्रिय है। नगर के प्रमुख वार्डो में सैनिटाइज का कार्य हो रहा है। रविवार को नगर के बंबा चौराहा, खैरी रोड, पटवा कॉलोनी, नगर के मोहल्ला संख्या एक, पांच, छह में नाले की सफाई हुई। यहां पर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी हुआ। कर्मियों ने यहां टैंकर व हाथ वाली मशीन से घोल का छिड़काव करके सैनिटाइज किया। पालिका के ईओ डीके राय ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए नगर पालिका प्रशासन हर प्रयास कर रहा है। नालियों में कीटनाशक दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। नगर के सभी मोहल्लों को सैनिटाइज किया जा रहा है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर भी सफाई अभियान चल रहा है। साप्ताहिक बंदी में पूरा परिषद इस काम में जुटा रहा। सतर्कता को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।