बदायूं। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के आह्वान पर शनिवार को मालवीय आवास गृह में किसानों ने धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित 27 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना के नेतृत्व में सुबह से ही हरी टोपी पहने किसानों का जुटना शुरू हो गया। दोपहर करीब दो बजे नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर किसानों से ज्ञापन प्राप्त किया।
इससे पहले किसानों ने मालवीय आवास गृह में धरना देकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को उठाया। मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि किसानों की स्थिति चिंताजनक है। उनके मुताबिक, सरकार की योजनाओं से किसानों को पर्याप्त राहत नहीं मिल रही है। डीएपी खाद की किल्लत और कालाबाजारी पर रोक नहीं लग पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में डीएपी का कट्टा खुलेआम दो हजार रुपये में बेचा जा रहा है। किसानों ने लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचले जाने की घटना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देने, बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने तथा किसानों की कर्ज वसूली पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की। किसानों का कहना था कि मौजूदा परिस्थितियों में वे कर्ज चुकाने की स्थिति में नहीं हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आयोजित यह प्रदर्शन पहले 23 अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन एमएलसी चुनाव के मद्देनजर इसे 24 अक्टूबर को आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चौधरी सौदान सिंह ने कहा कि किसान सीधा-सादा और मेहनतकश है, लेकिन उसकी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों के चलते किसानों की जमीनें पूंजीपतियों को सौंपने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि इससे किसान भूमिहीन होकर मजदूर बनने को मजबूर हो सकते हैं।
पंचायत की अध्यक्षता पंडित रमेश चंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन ज्ञान शंकर यजुर्वेदी ने किया। इस दौरान जिला सचिव दुर्वेंद्र सिंह चौहान, सदर तहसील उपाध्यक्ष केसर अली, उझानी नगर उपाध्यक्ष वीरपाल सिंह, उसावां ब्लॉक उपाध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह सहित ज्ञान शंकर यजुर्वेदी, आराम सिंह ठाकुर, बृजेश सिंह, बाबू सैफी, सूबेदार कुशवाहा, ओम सिंह यादव, चंद्रकेश यादव, ओमपाल राजपूत, भीमसेन राजपूत, जब सिंह राजपूत, रामसेवक यादव, शिवदयाल सागर, रामबाबू कश्यप और तिलक चंदन कश्यप समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।
भाकियू टिकैत ने 27 सूत्रीय मांगों को लेकर किया प्रदर्शन,मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

6.8K views

























































































