बरेली। सामाजिक सद्भाव और भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव मेला समिति की ओर से 46वां वाल्मीकि सद्भावना मेला 25, 26 और 27 अक्टूबर को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। मेले में फिल्मी कलाकारों, हास्य कलाकारों, कवियों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य सभी धर्मों के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करना है।
मेला अध्यक्ष मनोज थपलियाल ने बताया कि इस बार फिल्म अभिनेता अली खान, जो खुदा गवाह, सरफरोश, कोहराम और सड़क जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं, दर्शकों के बीच पहुंचेंगे। जूनियर देवानंद के नाम से मशहूर अभिनेता किशोर भानुशाली भी अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा द कपिल शर्मा शो फेम हास्य कलाकार उस्मान भारती दर्शकों को हंसाएंगे।
दिल्ली के रत्नाकर आर्ट्स ग्रुप की ओर से संगीतमय वाल्मीकि रामायण की प्रस्तुति दी जाएगी। जेपी म्यूजिकल ग्रुप भी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा। मेले में पंजाब का भांगड़ा, जयपुर का घूमर नृत्य, भारतीय परिधानों का फैशन शो और अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन भी आयोजित होगा। देशभर के ख्यातिप्राप्त कवि अपनी रचनाओं से लोगों का मनोरंजन करेंगे।मेला निदेशक योगेश कुमार वाल्मीकि ने बताया कि इस अवसर पर बरेली के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। जिला अस्पताल की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा, जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच के साथ गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक टीकाकरण भी किया जाएगा।
मेले में 50 से अधिक खानपान के स्टॉल लगाए जाएंगे। खेल-खिलौनों की दुकानें और बच्चों के लिए झूले भी होंगे।
पत्रकार वार्ता में मेला संरक्षक दक्ष शर्मा पाराशर, राजेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष मनोज थपलियाल, निदेशक योगेश कुमार वाल्मीकि, प्रभारी सुनील दत्त, आकाश पुष्कर, धीरेंद्र सिंह, अरविंद वाल्मीकि, बंटी सिंह, रूपेश कुमार, कंवल विग, विकास महर्षि, राजकुमार समदर्शी, विक्रम सिंह, संजीव वाल्मीकि सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
46वां वाल्मीकि सद्भावना मेला 25 से 27 अक्टूबर तक, फिल्मी सितारों और कवियों की सजेगी महफिल

6.4K views

























































































