लखनऊ। तेईसवें राष्ट्रीय पुस्तक मेले के आठवें दिन क्रिएटर लाउंज में आचमन संस्था की ओर से उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के तत्वावधान में प्रसिद्ध साहित्यकार एवं वरिष्ठ कवि डॉ. उदय प्रताप सिंह के साथ आत्मीय ‘बैठकी’ का आयोजन किया गया। लगभग एक घंटे तक चले इस कार्यक्रम में साहित्यप्रेमियों को वरिष्ठ कवि के जीवन, साहित्यिक यात्रा और व्यक्तित्व से जुड़े कई अनछुए पहलुओं को करीब से जानने का अवसर मिला। कार्यक्रम की खासियत यह रही कि यह पारंपरिक साक्षात्कार के बजाय आत्मीय संवाद के रूप में आयोजित किया गया। साहित्यप्रेमियों ने अपने प्रिय साहित्यकार से सीधे सवाल किए और डॉ. उदय प्रताप सिंह ने सहजता के साथ उनके जवाब दिए। सवाल-जवाब के इस सिलसिले ने पूरे आयोजन को जीवंत और आत्मीय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आचमन संस्था की संस्थापक डॉ. सोनरूपा विशाल द्वारा डॉ. उदय प्रताप सिंह को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। उन्होंने आयोजन की संकल्पना और उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी बड़े साहित्यिक व्यक्तित्व का सान्निध्य उस सहज और आत्मीय रूप में मिलना अक्सर संभव नहीं हो पाता, जिसकी अपेक्षा उनके प्रशंसक करते हैं। ‘बैठकी’ का उद्देश्य साहित्यकार और साहित्यप्रेमियों के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि लोग अपने मन की बातें साझा कर सकें, प्रश्न पूछ सकें और रचनाकार के व्यक्तित्व तथा साहित्यिक संसार को और करीब से समझ सकें।
डॉ. सोनरूपा विशाल ने बताया कि आचमन संस्था साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक सरोकारों की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य के तहत इस आत्मीय संवाद का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लखनऊ के अनेक साहित्यकारों और साहित्यप्रेमियों की उपस्थिति रही। इनमें कथाकार महेन्द्र भीष्म, के. कान्त अस्थाना, डॉ. डी. एन. लाल, मनोरमा लाल, मुकुल महान, रूपा पांडे, रजत रूपा शर्मा, नेहा श्री श्रीवास्तव, रश्मि शरद, सुरभि सिंह, योगेंद्र योगी, मनस्वी श्वेता, पंकज प्रसून, आदित्य बंजारा, रविकान्त पांडे और गौरव दीक्षित सहित अनेक साहित्यकार एवं साहित्यप्रेमी शामिल रहे। आयोजन में प्रवीण अग्रहरि का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के समापन पर उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के प्रधान एवं आचमन संस्था के संरक्षक डॉ. सर्वेश अस्थाना ने उपस्थित अतिथियों और साहित्यप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय पुस्तक मेले में वरिष्ठ कवि डॉ. उदय प्रताप सिंह के साथ हुई आत्मीय बैठकी

6.3K views

























































































