बदायूं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में स्टेशन रोड स्थित मैकूलाल पुलिस चौकी के बराबर गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मसाला डोसा की दुकान पर पानी का टैंक गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। चौकी पास में होने के कारण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 25 वर्षीय राकेश निवासी माल गोदाम रोड, सिविल लाइन के रूप में हुई है। बताया गया कि राकेश पिछले करीब एक से डेढ़ महीने से मसाला डोसा की दुकान पर बर्तन साफ करने का काम करता था। दुकान के बराबर में प्याऊ के ऊपर पानी का टैंक रखा हुआ था। तेज हवा चलने के दौरान पानी से भरा टैंक अचानक नीचे गिर गया और उसकी चपेट में राकेश आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया जाता है कि ‘तमिलनाडु’ नाम से संचालित मसाला डोसा की यह दुकान काफी समय से माल गोदाम रोड पर चल रही थी। जगह को लेकर हुए विवाद के बाद करीब दो माह पहले दुकान को ओवरब्रिज के नीचे मैकूलाल पुलिस चौकी के पास शिफ्ट किया गया था। दुकान का संचालन तमिलनाडु निवासी लोगों द्वारा किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों और पानी के टैंक की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।