बदायूं। रिगालिया गार्डन कॉलोनी, मझिया रोड स्थित दिल्ली चैंप्स स्कूल में गणेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में सजकर भगवान गणेश के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इसके बाद बच्चों ने गणेश वंदना, नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की मासूमियत और उत्साह से विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा। शिक्षिकाओं ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व की जानकारी दी। विद्यालय के डायरेक्टर प्रदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता तथा सामूहिक सहभागिता की भावना विकसित करना है। कार्यक्रम के अंत में बच्चों और शिक्षिकाओं को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दी गईं।