सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन 836 लाभार्थियों को मिले उपकरण, 88 स्टैंडी की प्रदर्शनी में दिखीं जनकल्याणकारी योजनाएं
बदायूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले दिन गुरुवार को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा दिवस ‘आशीर्वाद का दीया’ के रूप में मनाया गया। डायट स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, एमएलसी बागीश पाठक के प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक, जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज और पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।बीएल वर्मा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिवस मनाया जा रहा है। सरकार प्रत्येक वर्ग के हित में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका करोड़ों पात्र लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विकलांगों को दिव्यांगजन नाम देकर उन्हें सम्मान दिया। उन्होंने दिव्यांगजनों के लिए लगातार शिविर आयोजित कराने की बात कही। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनके सवालों के जवाब भी दिए। कार्यक्रम में स्वागत गीत, राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान हुआ तथा ईमानदारी से कार्यों के निष्पादन की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में 836 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न उपकरण वितरित किए गए। इनमें 11 बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, 71 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 10 कान की मशीन, 152 नी-बेल्ट, 52 सिलिकॉन तकिए, 30 दर्जी टूल किट, 454 पीपीई किट, 50 आयुष्मान कार्ड और छह ऑटोरिक्शा शामिल रहे। सूचना विभाग की ओर से 88 स्टैंडी की प्रदर्शनी लगाई गई। जिलाधिकारी अवनीश राय, सीडीओ गामिनी सिंगला, नगर मजिस्ट्रेट सुमित सिंह, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सत्येंद्र कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।
















































































