बरेली। फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में गुरुवार सुबह आए तेज तूफान से ग्राम टीयर खेड़ा में भारी नुकसान हुआ। पेड़ गिरने से छेदा लाल की एक भैंस की मौत हो गई, जबकि दूसरी घायल हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पेड़ हटाकर दोनों पशुओं को बाहर निकाला। सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। तूफान के दौरान मंदिर परिसर में खड़ा बरगद का विशाल पेड़ जड़ समेत उखड़कर मुख्य मार्ग पर गिर गया। इससे फतेहगंज पश्चिमी से टीयर खेड़ा होते हुए पनबढ़िया और भोलापुर को जोड़ने वाला मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों ने पेड़ हटाकर रास्ता खोलने का प्रयास किया। तेज हवाओं से कई अन्य पेड़ और बिजली के खंभे भी टूट गए, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल गिरने से किसानों को भी नुकसान हुआ।