बरेली। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बरेली कैंट स्थित धोपेश्वर मंदिर परिसर में तालाब स्वच्छता, जल-संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य मंदिर परिसर के तालाब और आसपास के क्षेत्र की सफाई के साथ जलस्रोत संरक्षण तथा पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। इस दौरान तालाब से अपशिष्ट हटाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए सामुदायिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में 5,000 से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व बरेली कैंटोनमेंट बोर्ड की सी ई ओ डॉ. तनु जैन ने किया। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, वैभव शर्मा समेत स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों और अन्य हितधारकों ने सहभागिता की। आयोजन में जलस्रोतों की स्वच्छता को जल संरक्षण, जैव-विविधता और भावी पीढ़ियों के पर्यावरणीय संरक्षण से जोड़ने का संदेश दिया गया।